विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने की विस्तृत समीक्षा
मतदाता सूची के लंबित प्रपत्रों का समयबद्ध निस्तारण, बीएलओ की सक्रियता, मतदान केंद्रों पर एएमएफ तथा ईवीएम की एफएलसी तैयारियां प्राथमिकता पर
आजमगढ़ 02 अक्टूबर 2026

उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विशेष रूप से मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं शुद्धिकरण, लंबित प्रपत्रों के निस्तारण, बीएलओ की सक्रियता, मतदान केंद्रों पर Assured Minimum Facilities (AMF), ईवीएम की First Level Checking (FLC), निर्वाचन संबंधी अभिलेखों, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं तथा विभागीय समन्वय सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।
मतदाता सूची के लंबित प्रपत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें
बैठक में मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करने, नाम हटाने तथा नाम/पते सहित अन्य विवरणों के शुद्धिकरण एवं संशोधन से संबंधित लंबित प्रपत्रों की विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रपत्रों का नियमानुसार परीक्षण कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करने तथा अपात्र/मृत/स्थानांतरित मतदाताओं से संबंधित मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची निर्वाचन प्रक्रिया का आधार है, इसलिए इसके शुद्धिकरण एवं अद्यतन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्राप्त प्रपत्रों का परीक्षण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हो तथा अनावश्यक रूप से कोई प्रकरण लंबित न रहे।
बीएलओ की तैनाती एवं क्षेत्र में सक्रियता का पुनः सत्यापन
बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों में तैनात बीएलओ की स्थिति की भी समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ की तैनाती का पुनः सत्यापन किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी बीएलओ का स्थानांतरण, सेवानिवृत्ति, सेवा समाप्ति, मृत्यु अथवा अन्य कारण से कार्यमुक्ति हो चुकी हो तो संबंधित मतदान केंद्र पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही यह भी सत्यापित करने के निर्देश दिए गए कि सभी बीएलओ अपने निर्धारित क्षेत्र एवं मतदान केंद्रों का नियमित भ्रमण कर रहे हैं अथवा नहीं तथा मतदाता सूची से संबंधित कार्यों का प्रभावी ढंग से संपादन कर रहे हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बीएलओ की सक्रियता की नियमित समीक्षा की जाए तथा कार्य में शिथिलता पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मतदान केंद्रों पर एएमएफ की व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन
बैठक में सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध Assured Minimum Facilities (AMF) की स्थिति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक मतदान केंद्र का भौतिक सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां—पर्याप्त एवं सुरक्षित विद्युत व्यवस्था,पेयजल की सुविधा,स्वच्छ एवं उपयोग योग्य शौचालय,दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप,पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था,आवश्यक फर्नीचर,मतदान कार्मिकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं तथा अन्य निर्धारित न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध हों। जहां किसी मतदान केंद्र पर कोई कमी पाई जाए, वहां संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए उसे समय से दूर कराने के निर्देश दिए गए।
ईवीएम की First Level Checking (FLC) के लिए तैयारियां समय से पूर्ण करें
उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत बैठक में ईवीएम की First Level Checking (FLC) के लिए आवश्यक तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि एफिली के लिए निर्धारित स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, आवश्यक कार्मिकों की उपलब्धता, तकनीकी व्यवस्थाएं, बिजली, प्रकाश, इंटरनेट/अन्य आवश्यक संसाधन तथा लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं की समय से समीक्षा कर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं।
FLC प्रक्रिया के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल एवं सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि FLC से जुड़े कार्यों के लिए स्पष्ट जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए प्रत्येक स्तर पर समन्वय बनाए रखें।
निर्वाचन सामग्री एवं अभिलेखों की उपलब्धता की समीक्षा
बैठक में निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री, अभिलेखों एवं विभिन्न प्रपत्रों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि निर्वाचन से संबंधित किसी भी आवश्यक सामग्री की कमी न रहे तथा सभी संबंधित कार्यालय अपने स्तर से आवश्यकतानुसार मांग एवं उपलब्धता का सत्यापन समय से कर लें। लंबित कार्यों की सूची तैयार कर उनकी नियमित समीक्षा करने तथा प्रत्येक कार्य के लिए उत्तरदायी अधिकारी/कर्मचारी निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।
मतदान केंद्रों का पुनः सत्यापन एवं आवश्यक सुधार
सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का पुनः निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्ग, भवन की स्थिति, प्रवेश एवं निकास, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, शौचालय, रैंप तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं में यदि कोई कमी हो तो उसे संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध रूप से दूर कराने को कहा गया।
निर्वाचन संबंधी शिकायतों एवं लंबित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग
बैठक में निर्वाचन संबंधी प्राप्त शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उसका परीक्षण एवं निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी महत्वपूर्ण अथवा संवेदनशील प्रकरण को तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाने के निर्देश दिए गए।
आचार संहिता एवं निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में सतर्कता
बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान लागू होने वाले भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्वाचन से संबंधित सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों एवं निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें तथा अपने क्षेत्र में निर्वाचन संबंधी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें।
सर्विलांस एवं निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित टीमों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में सक्रिय रहकर निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की निगरानी करने तथा किसी भी संभावित अनियमितता अथवा निर्वाचन संबंधी उल्लंघन की सूचना निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तत्काल संबंधित अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। महत्वपूर्ण गतिविधियों की नियमानुसार वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी एवं अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने तथा दैनिक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ करें कार्य
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन की तैयारियां बहु-विभागीय कार्य हैं। इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। किसी भी स्तर पर संसाधन, कार्मिक, तकनीकी व्यवस्था अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए और किसी भी कार्य को अंतिम समय के लिए लंबित न रखा जाए।
अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन
बैठक के अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन तैयारियों से संबंधित प्रत्येक कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा करें तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कराएं। निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहित समस्त उप जिलाधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी , सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) तथा अधिशासी अधिकारी सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।