डबल इंजन सरकार की सौगात महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के छात्र अपनी प्रतिभा से आजमगढ़ जिले के साथ ही प्रदेश का नाम कर रहे रोशन

Azamgarh Azamgarhcity

*डबल इंजन सरकार की सौगात महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के छात्र अपनी प्रतिभा से आजमगढ़ जिले के साथ ही प्रदेश का नाम कर रहे रोशन**मेरे सपनों का भारत विषयक भाषण प्रतियोगिता में डीएवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्रा अमिता यादव प्रथम स्थान हासिल कर आगामी 7 अक्टूबर को लखनऊ में करेंगी विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में आजमगढ़ और मऊ जनपद की विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग*आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के फैसिलिटी सेंटर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत “मेरे सपनों का भारत” विषय पर एक दिवसीय विश्वविद्यालय स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध आजमगढ़ और मऊ दोनों जिलों के विभिन्न महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालय परिसर से प्रथम चरण में चयनित होकर आए मेधावी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी वैचारिक क्षमता का प्रदर्शन किया। अत्यंत कड़ी प्रतिस्पर्धा और बौद्धिक प्रस्तुति के बीच डीएवी पीजी कॉलेज की राजनीति शास्त्र (एम.ए. प्रथम वर्ष) की छात्रा अमिता यादव ने अपने प्रभावशाली एवं तार्किक वक्तव्य से निर्णायक मंडल को गहराई से प्रभावित करते हुए प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।आयोजित प्रतियोगिता के दौरान आजमगढ़ और मऊ क्षेत्र के विभिन्न स्नातकोत्तर एवं डिग्री कॉलेजों से आए प्रतिभागियों के मध्य विषय की गहराई, प्रस्तुतीकरण और वक्तृत्व कला को लेकर बेहद रोचक मुकाबला देखने को मिला। डीएवी पीजी कॉलेज की ओर से अमिता यादव के अलावा शालू मिश्रा (बी.ए. द्वितीय वर्ष) और पायल राजभर (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने भी अपनी सशक्त एवं उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के वक्तव्य, विषय वस्तु की स्पष्टता, भाषा शैली, आवाज के उतार-चढ़ाव और मंच संचालन का सूक्ष्म मूल्यांकन करने के लिए तीन सदस्यीय वरिष्ठ विशेषज्ञों के निर्णायक मंडल का गठन किया गया था। इस निर्णायक मंडल में प्रो. समर बहादुर सिंह, प्रो. असहद अहमद एवं हिना देसाई शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गहन मूल्यांकन प्रक्रिया के उपरांत सर्वसम्मति से डीएवी कॉलेज की छात्रा अमिता यादव के संबोधन को सर्वश्रेष्ठ पाते हुए उन्हें विजेता घोषित किया।विश्वविद्यालय स्तरीय इस गरिमामयी प्रतियोगिता में सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करने के पश्चात अमिता यादव का चयन अब राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह आगामी 7 अक्टूबर को राजधानी लखनऊ में आयोजित होने वाली अंतर-विश्वविद्यालय राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के आधिकारिक प्रतिनिधि के रूप में सहभागिता करेंगी।लखनऊ में आयोजित होने वाले इस भव्य राज्य स्तरीय समारोह में प्रदेश की माननीय राज्यपाल महोदया द्वारा विजयी प्रतिभागियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्था और क्षेत्र का मान बढ़ाने वाली अमिता यादव की इस स्वर्णिम उपलब्धि से डीएवी पीजी कॉलेज परिवार सहित पूरे शैक्षणिक जगत में हर्ष का माहौल है। महाविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने अमिता यादव को इस सफलता पर बधाई दी है और लखनऊ में आयोजित होने वाले आगामी राज्य स्तरीय मंच पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *