*आजमगढ़ में राष्ट्रीय एकता दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने लिया सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने का संकल्प*आजमगढ़। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के निर्देशों के अनुपालन में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती जिलेभर में अनोखे और गरिमामय अंदाज में मनाई गई। इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में विशेष संगोष्ठी एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।समारोह की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एन.आर. वर्मा और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सीएमओ डॉ. वर्मा ने कहा कि देश की 500 से अधिक रियासतों का विलीनीकरण कर अखंड भारत का निर्माण करने वाले सरदार पटेल की दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रशासनिक निपुणता अद्वितीय थी। जिस निष्पक्षता और दृढ़ता के कारण उन्हें ‘लौह पुरुष’ और ‘भारतीय प्रशासनिक सेवाओं का जनक’ माना जाता है, उसी सेवा भावना को अपनाकर स्वास्थ्य विभाग को भी बिना किसी भेदभाव के हर जरूरतमंद तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचानी होंगी।अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमाशरण पांडेय एवं डॉ. अब्दुल अजीज ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सरदार पटेल का जीवन अनुशासन, राष्ट्रहित और अखंडता का अनुपम संदेश देता है। एनएचएम के डीसीपीएम विपिन बिहारी पाठक तथा कुष्ठ विभाग के रामचंद्र चौहान ने भी उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम का संचालन प्रभारी प्रचार-प्रसार मनीष तिवारी ने किया। अंत में डॉ. उमाशरण पांडेय ने जिला प्रशासन द्वारा प्रेषित राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ सभी को दिलाई, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द कुमार, डॉ. अविनाश झा, डॉ. मोहन लाल, जिला प्रशासनिक अधिकारी दिलीप प्रदीप सिंह, जिला लेखा प्रबंधक अमरनाथ और प्रशांत सोनकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।