घर में सो रहे बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Azamgarh Azamgarhcity Uttar Pradesh

आजमगढ़: शहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा गांव में गुरुवार सुबह एक बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के बाहर बने कमरे में सो रहे 65 वर्षीय भुवाल चौहान का शव खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। मृतक की पहचान भुवाल चौहान पुत्र हरदेव चौहान निवासी शेखपुरा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वह रोज की तरह घर के बाहरी हिस्से में बने कमरे में सो रहे थे। गुरुवार सुबह जगाने पहुंचे परिजनों ने उन्हें बिस्तर पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा। उनके गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे। घटना की जानकारी मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम सुराग एकत्र किए हैं।
क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी ने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *