
आजमगढ़: प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा हरिऔध कला केंद्र, आजमगढ़ में दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 10 पात्र दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मा. विजय बहादुर पाठक, सदस्य विधान परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा शिक्षाविद् दीपक राय, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार तथा जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी दीपक मिश्रा की उपस्थिति में लाभार्थियों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मा. विजय बहादुर पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और सरकार उनकी शिक्षा, रोजगार, आवागमन तथा सामाजिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल जैसे उपकरण दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सक्षम बनाना है, ताकि वे अपने दैनिक जीवन के कार्यों को स्वतंत्र रूप से कर सकें और समाज में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी शान्त प्रकाश श्रीवास्तव ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरण योजना के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रति मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल हेतु ₹25,000 की सहायता प्रदान की जाती है, जबकि शेष ₹20000 प्रति मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल की धनराशि मा. मुख्य अतिथि के प्रयास से उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के द्वारा सीएसआर मद से उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम में मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्राप्त कर दिव्यांगजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लाभार्थियों ने उत्तर प्रदेश सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से उनके जीवन में नई उम्मीद जगी है और अब उन्हें अपने दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने दिव्यांगजनों को सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।