
आजमगढ़: जनपद में आज ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे उत्साह और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिले भर की मस्जिदों और ईदगाहों में हजारों की संख्या में मुस्लिम भाइयों ने खुदा की बारगाह में सिर झुकाया और देश में अमन-चैन की दुआ मांगी।
636 स्थानों पर गूंजी तकबीर, नमाज हुई मुकम्मल
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, पूरे जनपद में कुल 636 निर्धारित स्थानों पर ईद की नमाज पूरी अकीदत के साथ अदा की गई। इसमें 358 प्रमुख ईदगाहों और 278 मस्जिदों में विशेष जमात का आयोजन हुआ। सुबह से ही नए वस्त्रों में सजे बच्चे, युवा और बुजुर्ग नमाज के लिए पहुंचने लगे थे, जिससे चारों तरफ उल्लास का माहौल रहा।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। हर संवेदनशील मोड़ और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती रही। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए पल-पल की निगरानी की गई। आला अधिकारियों ने खुद सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जिसके चलते नमाज पूरी तरह निर्विघ्न संपन्न हुई।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर सेवइयां खिलाईं और खुशियां बांटीं।