सावधान! बिना फिटनेस सड़क पर दौड़े स्कूली वाहन तो खैर नहीं, छुट्टी के दिन भी होगी जांच

Azamgarh Uttar Pradesh

आजमगढ़ : सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन व प्रवर्तन) द्वारा अवगत कराया गया है कि जनपद आजमगढ़ में संचालित सभी स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वाहन फिटनेस की अनिवार्य जांच कराई जानी आवश्यक है। इस संबंध में समस्त स्कूली वाहन संचालकों को अंतिम अवसर प्रदान करते हुए सूचित किया गया है कि दिनांक 14 मार्च एवं 15 मार्च 2026 को शासकीय अवकाश होने के बावजूद भी कार्यालय सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, आजमगढ़ सामान्य कार्यदिवसों की भांति खुला रहेगा। उन्होंने बताया कि जिन स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच अभी तक नहीं कराई गई है, उनके संचालक उक्त तिथियों पर कार्यालय में उपस्थित होकर अपने वाहनों की फिटनेस जांच अनिवार्य रूप से कराना सुनिश्चित करें, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।

सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधन एवं वाहन संचालकों से अपील की है कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित तिथियों पर अपने वाहनों की फिटनेस जांच अवश्य कराएं। उन्होंने सख्त कहा कि जिन स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच नहीं कराई जाएगी अथवा फिटनेस मानकों में असफल पाए जाएंगे, उनके संचालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम, 1988 एवं भारतीय न्याय संहिता, 2023 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अतः समस्त स्कूली वाहन संचालकों से पुनः अनुरोध किया जाता है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने वाहनों की फिटनेस जांच समय से पूर्ण करा लें, जिससे किसी प्रकार की विधिक कार्यवाही से बचा जा सके तथा विद्यार्थियों की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *