रैचन्दपट्टी गांव में हुई मजदूर की निर्मम हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा ली

Azamgarh Uttar Pradesh

एंकर : आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के रैचन्दपट्टी गांव में हुई मजदूर की निर्मम हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा ली है। पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा अभियुक्त एक बाल अपचारी निकला जिसे पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। हत्या का कारण तीन दिन पूर्व हुए शराब पीने के विवाद को बताया गया है।

वीओ : घटना 28 जुलाई की सुबह सामने आई, जब दोहरीघाट मऊ निवासी विजय कुमार ने अपने भाई विनय प्रजापति की हत्या की सूचना पुलिस को दी। मृतक विनय रैचन्दपट्टी गांव में मोती चन्द के घर वर्षों से रहकर पशुओं की देख रेख करता था। विजय ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने ईंट से सिर कुचलकर विनय की हत्या कर दी। परिजनों को शक था कि गांव के ही दो युवकों से दो दिन पूर्व हुए विवाद के चलते हत्या की गई। पुलिस ने घटना में एफआईआर दर्ज कर टिंकू उर्फ साहिल पुत्र देवेन्द्र हरिजन निवासी रैचन्दपट्टी तथा एक बाल अपचारी को नामजद करते हुए कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को बघावर तिराहे के पास से टिंकू को गिरफ्तार कर लिया और उसके नाबालिग साथी को भी अभिरक्षा में ले लिया गया। पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त टिंकू ने अपराध कबूल करते हुए बताया कि तीन दिन पहले शराब पीने के दौरान विनय से झगड़ा हुआ था। विनय द्वारा अपशब्द कहे जाने से उनकी गांव में काफी बेइज्जती हुई। इसी बात से आहत होकर दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। घटना की रात विनय जब ट्यूबवेल के पास चारपाई पर सो रहा था, तो दोनों उसके पास पहुंचे। नाबालिग साथी ने विनय का हाथ पकड़ा और टिंकू ने पास रखी ईंट से उसके सिर पर कई बार वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। अभियुक्त ने यह भी खुलासा किया कि हत्या के समय उनके कपड़े खून से सने थे, जिन्हें उन्होंने गांव के बाहर सरकारी ट्यूबवेल के पास सरपत में छिपा दिया था। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट (आलाकत्ल) और खून से लथपथ कपड़े बरामद कर लिए हैं। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *