पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जाने वाले वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 20 गाड़ियां सीज

Azamgarh Azamgarhcity Uttar Pradesh

आजमगढ़: कंधरापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते लखनऊ जाने वाली करीब 20 गाड़ियों को सीज कर दिया। कार्रवाई भंवरनाथ चौराहे से लेकर सेहदा क्षेत्र तक की गई।सुबह करीब 7 बजे शुरू हुए अभियान के दौरान पुलिस ने वाहनों के दस्तावेज और यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की। जांच में अनियमितता पाए जाने पर अर्टिगा, वैगनार, स्विफ्ट डिजायर समेत करीब 20 वाहनों को सीज कर कंधरापुर थाने में खड़ा कराया गया।
अचानक हुई कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कुछ वाहन स्वामियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे निजी कार्य से परिवार के साथ लखनऊ जा रहे थे, फिर भी उनकी गाड़ियों को सीज कर दिया गया। उनका आरोप है कि कार्रवाई का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक केदारनाथ मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ प्रभारी यातायात निरीक्षक गुलाबधर यादव, उपनिरीक्षक गंगा प्रसाद साहनी, मुख्य आरक्षी अखिलेश सिंह, महेंद्र कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान यातायात नियमों के पालन और आवश्यक दस्तावेजों की जांच के उद्देश्य से चलाया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *