
आजमगढ़ नगर पालिका कार्यालय में सोमवार को कई वार्डों के सभासद लामबंद हो गए और नगरपालिका की शिथिल कार्यप्रणाली का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। सभासदों का कहना था कि वार्डों में हालात अच्छे नहीं हैं। सड़क, नाली, पटिया, खड़ंजा, प्रकाश सभी कुछ ठीक नहीं है। शादी ब्याह का मौसम है लोग सभासद से कार्य के लिए आग्रह कर रहे हैं। लेकिन सभासद बेबस हैं। नगर पालिका क्षेत्र में लोग टैक्स देते हैं। लेकिन जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए दौड़ाया जा रहा है। सभासद की स्थिति यह हो गई है कि जवाब देते नहीं बन रहा है। लोग यह नहीं समझते हैं कि नगर पालिका से ही कार्य नहीं हो रहा है। हालत यह है कि प्रभारी ईओ प्रियंका सिंह भी कई दिनों से कार्यालय पर नहीं आ रही हैं। जबकि सुनने में आ रहा है कि उनकी ड्यूटी चुनाव के संबंध में लगाई गई है। यही हालत अन्य विभागों की हुई है। बोर्ड की बैठक होती है। प्रस्ताव पास होता है। लेकिन कार्य नहीं हो रहा है। ग्रांट आई हुई है। लेकिन टेंडर नहीं हो रहा है। आखिर हम लोग किस से शिकायत करें। वार्ड में जहां पर शादी हो रही है। वहां चूने का छिड़काव तक नहीं हो पा रहा है। पहले यह सब आसानी से हो जाता था।
इस मौके पर सभासद पुनीत राय, मोहम्मद अफजल, चंद्रशेखर, अतुल सिंह, शालिनी श्रीवास्तव उषा देवी अंजलि सोनकर, कौशल्या देवी, सुरेश कुमार शर्मा विजय चंद्र व महताब कुरेशी आदि मौजूद रहे।