पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक चालक थप्पड़कांड पर आबकारी विभाग सख्त, सहायक आयुक्त से मांगा गया लिखित जवाब

Azamgarh Azamgarhcity Uttar Pradesh

आजमगढ़। ट्रक चालक को थप्पड़ मारने का वायरल वीडियो सामने आने के बाद आबकारी विभाग हरकत में आ गया है। मामले में अब उप आबकारी आयुक्त आनंद प्रकाश का बयान भी सामने आया है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए सहायक आबकारी आयुक्त (प्रवर्तन) राजकिशोर सिंह से दो से तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। वायरल वीडियो में सहायक आबकारी आयुक्त राजकिशोर सिंह एक ट्रक चालक को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। इससे पहले उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि सठियांव टोल के पास ट्रक को रोकने का इशारा किया गया था, लेकिन चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया। करीब दो से तीन किलोमीटर पीछा करने के बाद ट्रक को रोका गया और चालक को डराने के उद्देश्य से थप्पड़ मारा गया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि ट्रक से कोई अवैध सामान बरामद नहीं हुआ और उसके सभी दस्तावेज सही पाए गए। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उप आबकारी आयुक्त आनंद प्रकाश ने कहा कि विभाग ने वायरल वीडियो देखा है। प्रथम दृष्टया वीडियो में अधिकारी की गाड़ी आगे और ट्रक पीछे खड़ा दिखाई दे रहा है तथा पूछताछ होती भी नजर आ रही है। हालांकि वीडियो में दिखाई और सुनाई दे रही बातों के संबंध में सहायक आबकारी आयुक्त से लिखित जवाब मांगा गया है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि मारपीट जैसी घटना हुई है तो यह उचित नहीं है। पहले संबंधित अधिकारी का पक्ष लिया जाएगा, उसके बाद पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले में विभाग की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी हुई है। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि जब ट्रक से कोई अवैध सामान नहीं मिला और दस्तावेज भी सही थे, तो चालक के साथ मारपीट की नौबत आखिर क्यों आई। सरकारी ड्यूटी के दौरान निजी नंबर की गाड़ी के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *