
आजमगढ़ बिलरियागंज कस्बे के कासिमगंज में रविवार कों देर रात दो पड़ोसी पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में कई लोग घायल हो गए। सूचना पर थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सीएचसी बिलरियागंज पहुंचाया, जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। प्रथम पक्ष के इंतखाब आलम, शादाब आलम, जावेद, मोहम्मद कैफ तथा नूर आलम घायल हुए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने नूर आलम और शादाब की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। दूसरे पक्ष के जियाउर रहमान समेत एक-दो अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। मोहम्मद कैफ ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।