मिशन सेफ फ्यूचर के तहत स्कूल बसों की सघन जांच, सुरक्षा मानकों का किया गया परीक्षण

Azamgarh Azamgarhcity Uttar Pradesh

आजमगढ़: जनपद आजमगढ़ में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए “मिशन सेफ फ्यूचर” अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल यादव द्वारा एक विद्यालय का निरीक्षण कर स्कूल बसों की सघन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान स्कूल बसों में उपलब्ध सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया गया। बसों में रखे गए फायर सिलिंडरों की क्रियाशीलता का परीक्षण स्वयं बस चालकों से कराकर उनकी उपयोगिता एवं आपातकालीन स्थिति में प्रयोग की जानकारी सुनिश्चित की गई। साथ ही बसों के इमरजेंसी डोर, सुरक्षा उपकरणों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी जांच की गई।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने बस चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय पूर्ण सतर्कता बरतने तथा बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालयी वाहनों का नियमित अनुरक्षण एवं सुरक्षा उपकरणों की समय-समय पर जांच बच्चों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से भी अपील की कि सभी स्कूल बसों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक वाहन में आवश्यक सुरक्षा उपकरण सदैव क्रियाशील अवस्था में उपलब्ध रहें।

“मिशन सेफ फ्यूचर” अभियान के अंतर्गत जनपद में विद्यालयी वाहनों की जांच एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं संरक्षित परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *