“स्कूल चलो अभियान” का हुआ भव्य शुभारम्भ व जन-जागरूकता रैली

Azamgarh Uttar Pradesh

आजमगढ़ : शैक्षिक सत्रारंभ के प्रथम दिवस पर जनपद आजमगढ़ में “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन हेतु जिला स्तरीय जन-जागरूकता रैली का आयोजन पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय मुहम्मदल्ला रानी की सराय आजमगढ़ से किया गया।
रैली को मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा स्वयं रैली का नेतृत्व भी किया तथा एलईडी वैन को रवाना किया।
रैली का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक के निर्देशन में किया गया, जिसमें निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

रैली के दौरान बच्चों द्वारा “स्कूल चलो, स्कूल चलो”, “नामांकन से एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा”, “पढ़ेंगे पढ़ाएंगे, देश का मान बढ़ाएंगे”, “बेटा-बेटी एक समान, सबको शिक्षा सबको ज्ञान” जैसे प्रेरणादायक नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। रैली का नेतृत्व प्रधानाध्यापक द्वारा किया गया।

रैली के उपरांत विद्यालय परिसर में प्रवेश उत्सव, पुरस्कार वितरण समारोह एवं शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि 6 से 14 वर्ष तक का कोई भी बच्चा नामांकन से वंचित नहीं रहना चाहिए, चाहे वह प्रवासी परिवार का हो या कमजोर वर्ग से संबंधित हो। उन्होंने शत-प्रतिशत नामांकन के साथ नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने बच्चों को मोबाइल व टीवी से दूर रहकर पुस्तकें, समाचार पत्र व लेख पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म, बैग, जूते-मोजे, स्वेटर एवं DBT के माध्यम से ₹1200 की सहायता, मध्यान्ह भोजन, फल, दूध एवं विभिन्न सहगामी गतिविधियों के माध्यम से समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।

इस अवसर पर विगत सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, स्टेशनरी एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही नवप्रवेशी बच्चों का माल्यार्पण कर स्वागत करते हुए उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, ड्रेस एवं बैग वितरित किए गए।

पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय मुहम्मदल्ला की बच्चियों द्वारा सरस्वती वंदना एवं मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया। जनपद में चल रहे स्कूल चलो अभियान के तहत नवारंभ कार्यक्रम में नवीन नामांकित बच्चों का स्वागत बंदन एवं पुस्तक वितरण किया गया। मीना मंच में मेरे बदलाव की कहानी तथा जेंडर स्टीरियोटाइप पर आधारित कॉमिक बुक विकसित करने वाली प्रदेश स्तर पर टाॅप-10 में अपना स्थान बनाने वाली बच्ची अमृता और महक को मुख्य विकास अधिकारी के कर कमलों द्वारा सम्मानित किया गया । साथ ही जनपद में सबसे अधिक नामांकन करने वाले पांच विद्यालय के शिक्षक पंकज सिंह कंपोजिट विद्यालय छपरा सुलतानपुर अजमतगढ़ , मनोज कुमार कंपोजिट विद्यालय बरदह ठेकमा ,कृपा शंकर भटौली मुंह जलालपुर कोयलसा, ध्रुवेंद्र कुमार यादव पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय थिरई पट्टी अतरौलिया, मीरा देवी कंपोजिट विद्यालय खनियरा लालगंज को सम्मानित किया गया । तत्पश्चात् मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अपने उद्बोधन में माननीय मुख्यमंत्री जी के स्कूल चलो अभियान के विजन /लक्ष्य पर प्रकाश डालते हुए सभी अभिभावकों एवं उपस्थित सभी सदस्यों को अधिक से अधिक नामांकन करने हेतु प्रेरित किया गया साथ ही नई शिक्षा नीति और बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में हुए महत्वपूर्ण परिवर्तनों पर भी प्रकाश डाला गया । साथ ही बेसिक शिक्षा मंत्री के विजन कोई भी बच्चा ना छूटे, समस्त बच्चों का नामांकन अगली कक्षा में निश्चित रूप से हो इस पर अभिभावकों एवं अध्यापकों को प्रेरित किया गया। बेसिक परिषद के विद्यालयों में तैनात शिक्षकों की गुणवत्ता पर भी प्रकाश डाला गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *