
दीदारगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेम प्रसंग के चलते एक किशोरी हाईवोल्टेज बिजली के खंभे पर जा चढ़ी। इस अजीबोगरीब घटना को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस ‘हाईवोल्टेज ड्रामे’ का अंत पुलिस के दखल और आश्वासन के बाद हुआ।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला दीदारगंज थाना क्षेत्र के बैरकडीह गांव के उत्तर सीवान का है। मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे, जौनपुर जिले के नटौली गांव (अनुसूचित बस्ती) की रहने वाली एक किशोरी अचानक खेत में स्थित हाईवोल्टेज विद्युत खंभे पर चढ़ने लगी।
खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने जब किशोरी को ऊपर चढ़ते देखा, तो शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। किशोरी अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी और नीचे उतरने को तैयार नहीं थी।
पुलिस के आश्वासन पर उतरी नीचे
घटना की सूचना मिलते ही शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भी जब किशोरी नहीं मानी, तो पुलिस ने उसे आश्वासन दिया कि उसके विवाह के संबंध में उचित कार्यवाही की जाएगी और उसकी बात सुनी जाएगी। पुलिस के इस भरोसे के बाद किशोरी सुरक्षित नीचे उतर आई, जिससे प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
”किशोरी जौनपुर जनपद की निवासी है, इसलिए शाहगंज कोतवाली पुलिस उसे अपने साथ ले गई है। फिलहाल उससे पूछताछ कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। गनीमत रही कि समय रहते बिजली विभाग को सूचना मिल गई या कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।