
आजमगढ़:सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जनपद के मार्टिनगंज विकास खंड परिसर में शनिवार को ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस समारोह में ठेकमा, अहिरौला, फूलपुर, पवई और मार्टिनगंज सहित नगर पंचायत के कुल 180 जोड़ों का सामूहिक विवाह विधि-विधान से कराया गया।
गरीब बेटियों के लिए वरदान है यह योजना: विनोद राजभर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी की यह योजना गरीब परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा है। उन्होंने बताया कि सरकार इस योजना के तहत प्रति जोड़ा ₹1,00,000 खर्च करती है। इसमें से ₹60,000 सीधे कन्या के बैंक खाते में भेजे जाते हैं, जबकि ₹25,000 की लागत से 26 प्रकार के गृहस्थी के सामान (जैसे प्रेशर कुकर, डिनर सेट, पंखा, गद्दे, चांदी की पायल व बिछिया) दिए जाते हैं। बाकी ₹15,000 आयोजन की व्यवस्थाओं पर खर्च होते हैं।
बेटियों का सम्मान सरकार की प्राथमिकता: नीलम सोनकर
पूर्व सांसद श्रीमती नीलम सोनकर ने अपने संबोधन में कहा कि अब बेटियों का जन्म समाज के लिए गर्व का विषय है। सरकार जन्म से लेकर शिक्षा और विवाह तक बेटियों की जिम्मेदारी उठा रही है। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री श्री कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सौरभ सिंह ‘बीनू’ ने भी जोड़ों को शुभकामनाएं दीं।
प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी
समारोह को सफल बनाने में जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, बीडीओ मार्टिनगंज इद्रीश अली और बीडीओ ठेकमा मनोज कुमार श्रीवास्तव की मुख्य भूमिका रही। मौके पर गौरव यादव, वीरेन्द्र यादव और नवनीत यादव सहित अन्य विभागीय कर्मचारी व भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।