
आजमगढ़: जनपद की थाना साइबर क्राइम, आजमगढ़ की पुलिस टीम ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, रोजगार योजना व अन्य लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से 04 मोबाइल फोन, 05 गैर-राज्य (पंजाब) की फर्जी सिम कार्ड और लोन से संबंधित फर्जी कागजात बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गईं है। आपको बता दे की 11 अप्रैल 2025 को महाराष्ट्र के अमरावती निवासी प्रतीक पुंडकर द्वारा NCRP पोर्टल पर साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत की जांच के दौरान थाना साइबर क्राइम में मुकदमा पंजीकृत कर निरीक्षक विभा पाण्डेय के नेतृत्व में तकनीकी विश्लेषण व मोबाइल लोकेशन के आधार पर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि अभियुक्त विभिन्न समाचार पत्रों में मुद्रा फाइनेंस, रोजगार योजना, पर्सनल लोन, बिजनेस लोन, प्रॉपर्टी लोन व महिलाओं के लिए ग्रुप लोन जैसे आकर्षक विज्ञापन प्रकाशित कराता था। विज्ञापन में दिए गए फर्जी नंबरों पर संपर्क करने पर वह खुद को फर्जी फाइनेंस डिपार्टमेंट का लोन अधिकारी बताकर प्रोसेसिंग फीस, फाइल चार्ज और ऑफिस खर्च के नाम पर रकम ऐंठता था। लोगों का भरोसा जीतने के लिए अभियुक्त ने फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर “थैंक यू” मैसेज भी भेजे और फिर अलग-अलग चरणों में लगातार पैसे वसूलता रहा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रवीन गौड़ के रूप में हुई है। इस पूरे मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण का कहना है कि अभियुक्त से जुड़े अन्य खातों और नेटवर्क की जांच जारी है। आगे जो तथ्य सामने आएगी उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।