
संबलपुर विश्वविद्यालय (ज्योति विहार) के इनंडोर हॉल में सत्र 2025–26 के अंतर्गत आयोजित 20 -24 दिसम्बर 2025 में पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला वर्ग) में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की महिला बैडमिंटन टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ ही पूर्वांचल विश्वविद्यालय की महिला टीम ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी बैडमिंटन टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया है, जो 11 से 14 जनवरी 2026 तक पी ई एस यूनिवर्सिटी, बेंगलुरु में आयोजित होना प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त टीम ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए भी अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है, जो विश्वविद्यालय खेल जगत के लिए गर्व का विषय है।
इस ऐतिहासिक सफलता पर खेल सचिव, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, श्री शेखर सिंह ने टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत और टीमवर्क की सराहना करते हुए टीम मैनेजर श्री रणधीर सिंह एवं कोच श्री करन श्रीवास्तव को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
महिला टीम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी विभूति सिंह, श्वेता राज वर्मा, रिषिका यादव,तनिष्का अरोड़ा, एवं सना सुल्तान शामिल रहीं, जिनकी प्रतिभा और संघर्ष ने टीम को यह मुकाम दिलाया।
विश्वविद्यालय प्रशासन, खेल विभाग तथा समस्त खेल प्रेमियों ने टीम की इस शानदार सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।