
आजमगढ़: गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर कटका थाना क्षेत्र में पिलर संख्या 75.600 के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि मुर्गा लदी एक पिकअप गाड़ी रॉन्ग साइड से तेज गति से आ रही थी, जिसकी आमने-सामने से बाइक लदे एक ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। यह टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गए और उनके परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा का गश्ती दल और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायल ट्रक चालक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान करने के साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।