“बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना अंतर्गत हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की मेधावी 49 छात्राओं को किया गया सम्मानित

Azamgarh Azamgarhcity Uttar Pradesh

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सोमवार को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत जनपद एवं तहसील स्तर पर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाली कुल 49 मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विभाग भवन, आजमगढ़ के सभागार में किया गया, जिसमें विधानसभा सगड़ी की पूर्व विधायक श्रीमती वन्दना सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए छात्राओं को सम्मानित किया तथा डेमो-चेक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत छात्राओं को सम्मानित करते हुए उन्होंने कहा कि बेटियां आज प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी आधारशिला है। उन्होंने छात्राओं से निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

उन्होंने बताया कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना का उद्देश्य बालिकाओं के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना, उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना तथा उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने का उद्देश्य उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना तथा अन्य छात्राओं को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।

मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने कहा कि बेटियों की शिक्षा एवं सशक्तिकरण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने छात्राओं से उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित महिला एवं बालिका कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के उद्देश्य, महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, कौशल विकास तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। छात्राओं ने सम्मान प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे अपने जीवन का प्रेरणादायी क्षण बताया तथा भविष्य में और अधिक मेहनत कर जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह के निर्देशन में किया गया।

कार्यक्रम में “हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन” यूनिट से डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर प्रीति उपाध्याय, जेंडर स्पेशलिस्ट अन्नू सिंह, जिला बाल संरक्षण इकाई से सामाजिक कार्यकर्ता रिंकी सिंह, विभिन्न विद्यालयों की महिला अध्यापिकाएं, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी तथा छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *