
12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के क्रम में जनपद आजमगढ़ में योग सप्ताह का शुभारम्भ सोमवार को महर्षि चन्द्रमा ऋषि आश्रम, सिलनी में भव्यता एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना एवं जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक लालचंद यादव द्वारा योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा योग के माध्यम से विभिन्न रोगों के निदान एवं शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य लाभ की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर जनपद की समस्त तहसीलों, विकास खण्डों एवं ग्राम पंचायतों में भी योग सप्ताह शुभारम्भ कार्यक्रम आयोजित कर योग प्रतिज्ञा एवं सामूहिक योगाभ्यास कराया गया।
मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने योग सप्ताह का शुभारम्भ करते हुए बताया कि इस वर्ष 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग द्वारा स्वस्थ तरीके से उम्र बढ़ाना” निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन शैली का आधार है। उन्होंने जनसामान्य से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं तथा “योग अपनाएं-स्वस्थ रहें, सशक्त रहें” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि योग से निरोगी काया, मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है, जिससे स्वस्थ एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से इको-फ्रेंडली उत्पादों के उपयोग, प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ आयोजन सुनिश्चित करने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार एवं आयुष मंत्रालय द्वारा योग सप्ताह के अन्तर्गत प्रतिदिन तिथिवार विभिन्न कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत 16 जून को सामूहिक योगाभ्यास के साथ विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में योगासन, पोस्टर, आयुष भाषण, निबंध, प्रश्नोत्तरी एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार 5100 रुपये, चतुर्थ पुरस्कार 2100 रुपये तथा पंचम पुरस्कार 1100 रुपये एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी आयुष विभाग द्वारा विकसित पोर्टल के प्रतियोगिता अनुभाग में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 17 जून को “आयुष ग्राम योग दिवस” के अन्तर्गत समस्त ग्राम पंचायतों में योग सत्र आयोजित किए जाएंगे तथा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे। 18 जून को दिव्यांगजन, समाज के वंचित वर्ग, कैदियों, अनाथालयों एवं झुग्गी बस्तियों में विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। 19 जून को सरकारी एवं कॉर्पोरेट कार्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम संपन्न होंगे। 20 जून को महिलाओं के स्वास्थ्य संवर्धन हेतु महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में कुमारी, गर्भवती, कामकाजी एवं प्रौढ़ महिलाओं के लिए विशेष योग कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महर्षि चन्द्रमा ऋषि आश्रम, सिलनी में जनपदीय स्तर पर विशाल सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार योग सप्ताह के सफल आयोजन में शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, गृह एवं पुलिस, परिवहन, नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, संस्कृति, सूचना, समाज कल्याण, खेल, श्रम एवं औद्योगिक विकास, पर्यटन, युवा कल्याण तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा व्यापक स्तर पर जनजागरूकता एवं सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राजेश कुमार यादव, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, आयुष विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. श्याम सुन्दर नीरज, डॉ. समीर कुमार गुप्ता, डॉ. विनोद कुमार सहित जनपद के विभिन्न चिकित्सालयों के प्रभारी, कर्मचारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।