
आज़मगढ़: केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नारी शक्ति वंदन विधेयक को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच आज आज़मगढ़ की सड़कों पर महिलाओं का भारी आक्रोश देखने को मिला। विपक्ष द्वारा इस विधेयक को पारित कराने में सहयोग न करने और कथित तौर पर बाधा उत्पन्न करने के विरोध में भाजपा नगर मंडल की महिला टीम ने आज शहर में ‘महिला जन आक्रोश पदयात्रा’ निकालकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
यह पदयात्रा नगर के कुंवर सिंह उद्यान से गाजे-बाजे और नारेबाजी के साथ शुरू हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे तक पहुँची। पदयात्रा में शामिल महिला कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए विपक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रही थीं। कलेक्ट्रेट चौराहे पर पहुँचकर आक्रोशित महिलाओं ने विपक्षी नेताओं के रवैये को महिला विरोधी करार देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को उनका हक और सम्मान दिलाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्ष अपनी संकुचित राजनीति के कारण नारी शक्ति के मार्ग में रोड़ा अटका रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि आधी आबादी अब जागरूक हो चुकी है और अपने अधिकारों के साथ खिलवाड़ करने वालों को बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर मंडल भाजपा मंत्री साधना गुप्ता, वरिष्ठ नेता आशा वर्मा, डॉ. पूनम तिवारी, बबिता जसरासरिया के साथ-साथ नगर मंडल अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा, योगेंद्र यादव, अंकुर सैनी समेत भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।