
आजमगढ़ : माननीय उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आज ’’ग्राम न्याय सहायता अभियान’’ के अन्तर्गत विकास खण्ड- मिर्जापुर की ग्राम पंचायत बीनापारा के पंचायत भवन में विधिक सहायता केन्द्र का फीता काटकर शुभारम्भ किया गया, जिसके मुख्य अतिथि सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अंकित वर्मा रहें।
विधिक सेवा केन्द्र के शुभारम्भ अवसर पर सचिव द्वारा बताया गया कि विधिक सहायता केन्द्र उन गरीब व जरूरतमंद लोगों को मुफ्त कानूनी सलाह व प्रतिनिधित्व प्रदान करता हैं, जो वकील या कोर्ट की फीस का खर्च वहन नहीं कर सकते। इसका उद्देश्य है कि समाज के गरीब और कमजोर वर्गों को निःशुल्क कानूनी सलाह उपलब्ध हो ताकि उन्हें न्याय मिल सके और उनके कानूनी अधिकारों की रक्षा हो सके। विधिक सेवा केन्द्र के माध्यम से कमजोर वर्गों को वकील और पैरालीगल स्वयंसेवकों द्वारा मुफ्त कानूनी जानकारी और सलाह देना प्रदान की जाती है। इस विधिक सेवा केन्द्र पर निःशुल्क पैनल अधिवक्ता के रूप में श्री दिलेश गौड़ को तथा ग्राम पंचायत सचिव को पराविधिक स्वयं सेवक के रूप में नामित किया गया है। लीगल एड क्लीनिक पर नामित पराविधिक स्वयं सेवक का कार्य पैनल अधिवक्ता के सहयोग से दस्तावेज तैयार करना, नोटिस, शिकायतें और याचिकाएॅ लिखने में मदद करना प्री-लिटिगेशन के बारे में जानकारी प्रदान करना, लोक अदालत के माध्यम से वादों के निस्तारण के बारे में जानकारी प्रदान करना इत्यादि है।
इस अवसर पर श्री पवन कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी, श्री चमन सिंह, तहसीलदार- निजामाबाद, श्री अखिलेश गुप्ता, खण्ड विकास अधिकारी- मिर्जापुर, श्री आशीष कुमार राय, चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल, श्री प्रवीण कुमार सिंह, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल, श्री दिलेश गौड़, पैनल अधिवक्ता तथा ग्राम प्रधान व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।