शिवपाल यादव, बोले—2027 में अखिलेश के नेतृत्व में बनेगी सपा सरकार

Azamgarh Uttar Pradesh

आजमगढ़: जहानागंज थाना क्षेत्र के धरवारा गांव में आयोजित कुश्ती समारोह में शामिल होने से पहले समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव, पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव के आवास पर पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा केवल झूठ बोलने वाली पार्टी है और इस सरकार में भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने आजमगढ़ जिले में एनडीए के दस सीटों पर जीत का दावा किया है, शिवपाल यादव ने कहा कि इतने छोटे स्तर के नेता के बयान का जवाब देना जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि वे समाजवादी पार्टी की बदौलत ही विधायक बने थे और आने वाले चुनाव में उन्हें इसका पता चल जाएगा। शिवपाल यादव ने यह भी कहा कि उनका कोई भरोसा नहीं है कि वे किस समय किस तरफ चले जाएं। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यदि सुभासपा इतनी बड़ी पार्टी है तो सीधे प्रधानमंत्री बनने का दावा करे। महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रात में महिलाओं की सुरक्षा की बात करते हैं, लेकिन दिनदहाड़े महिलाओं का अपहरण हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का नारा तो दिया, लेकिन आज तक विपक्ष को विश्वास में नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जीएसटी को लेकर भी जनता को गुमराह किया और कई तरह के टैक्स लगाए। साथ ही दावा किया कि योगी सरकार कभी भी अपने बजट का 40 प्रतिशत से अधिक खर्च नहीं कर पाई। शिवपाल यादव ने टेंडर प्रक्रिया और गड्ढामुक्त सड़क अभियान को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले ही 10 प्रतिशत जमा कराकर टेंडर कराए गए और गड्ढामुक्त अभियान में 70 प्रतिशत पैसा सरकार के पास चला गया, जबकि 30 प्रतिशत में ही इंजीनियरों को काम करना पड़ा। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर हुए हमले और उससे जुड़े मामलों पर उन्होंने कहा कि इस तरह के कई मुकदमे झूठे लिखाए जाते हैं और इसमें भाजपा की भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि अब मामला कोर्ट में है और न्यायालय से ही न्याय मिलेगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा के लोग उन्हें एक नहीं बल्कि दो बार प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे, लेकिन अब क्या कहें।
बाइट : शिवपाल यादव (महासचिव समाजवादी पार्टी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *