
मांग के अनुरूप हो सिलेंडर आपूर्ति, घटतौली पर लगे लगाम : सभासद
- सिलेंडर के लिए कतार में लगे उपभोक्ताओं को दिया जाए टोकन
- गैस एजेंसी के बाहर खड़ी जनता के लिए आगे आये सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद अफजल
- नवरात्रि और ईद को दृष्टिगत जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी को पत्रक सौंपकर व्यवस्था दुरूस्त कराए जाने की मांग
फोटो
आजमगढ़। गैस उपभोक्ताओं को उनके मांग के अनुरूप आपूति पहुंचाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद अफजल ने गुरूवार को जिलाधिकारी को संबोधित पत्र अतिरिक्त एसडीएम को सौंपकर कार्यवाही की मांग की गई।
पत्रक में जिला योजना समिति सदस्य व सभासद मोहम्मद अफजल ने बताया कि नवरात्रि शुरू हो चुका है और चंद रोज में ईद भी है, जिसको ध्यान में रखते हुए नगर क्षेत्र में बेहतर सिलेंडर आपूर्ति सुनिश्चित कराया जाना जरूरी है। सरकार और जिला प्रशासन द्वारा जनमानस को निरंतर बताया जा रहा कि गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं इसके बावजूद नगर क्षेत्र में उपभोक्ताओं को आपूर्ति उपलब्ध नहीं दी जा रही। जिससे जनता हलकान है। पहले ठेले से सिलेंडर घर घर पहुंचाए जाते थे लेकिन इधर यह व्यवस्था प्रभावित है। उन्होंने मांग किया कि जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया जाए कि वह हर ठेलों की जांच कराये ताकि गैस की कालाबाजारी व घटतौली पर अंकुश लगाया जा सकें।
उन्होंने यह भी कहाकि गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही गैस के लिए कतारबद्ध लाइन लग जा रही और जब तक उनका नंबर आ रहा तब तक स्टॉक खत्म का हवाला दे दिया जा रहा है, ऐसे लोगों को फिर से सुबह कतार में खड़ा होना पड़ रहा है ऐसे लोगों के लिए टोकन आदि की व्यवस्था किया जाए। उन्होंने कहाकि पहले नगरीय उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के चिन्हित वाहनों के जरिये गैस सिलेंडर की आपूर्ति कर दी जाती थी लेकिन इधर कुछ दिनों से व्यवस्था प्रतिभावित है। इस व्यवस्था को पूर्व की भांति संचालित कराया जाए।
नरौली सभासद संतोष चौहान ने बताया कि कुछ उपभोक्ताआेंं द्वारा शिकायत की जा रही है कि टोल नंबर पर फोन किए जाने पर बुकिंग के संदेश के साथ साथ डिलेवरी की सूचना आ जा रही जबकि मौके पर सिलेंडर ही नहीं पहुंच रहा। लोग हैरान परेशान होकर सम्बंधित गैस एंजेसी का चक्कर काट रहे है। इतना हीं नहीं इस बीच जो गैस सिलेंडर ठेले चालक है उनके ठेले पर लदे सिलेंडरों की तौल आदि कराया जाना आवश्यक है ताकि सिलेंडर चोरी की समस्याओं में कमी आ सकें। इस मौके पर सभासद वीरेंद्र यादव, महताब कुरैशी, अनिल राजभर, सुरेश आदि मौजूद रहे।