जमीनी विवाद में दो पक्षों में मारपीट, धारदार हथियार से हमला, वीडियो वायरल

Crime

आज़मगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के सेखौना गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग आपस में लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाने में दी गई तहरीर के अनुसार सेखौना गांव की निवासी गुलशन पत्नी सालिम ने आरोप लगाया कि होली के दिन शाम करीब 4:30 बजे जमीनी विवाद को लेकर उनके ही रिश्तेदार फिरोज, अब्दुल रहीम पुत्रगण मो. नवी, मकतुला पत्नी मो. नवी, अंजुम पत्नी रईस तथा हिना पुत्री रईस ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि जब उनकी सास नूरजहां पत्नी नूरअली बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। इस दौरान आरोपियों ने गुलशन और उनके पति सालिम को भी बुरी तरह पीटा। पीड़िता ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अतरौलिया देवेंद्र नाथ दूबे ने बताया कि सेखौना गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विधिक कार्रवाई की जा रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *