सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाना पड़ा भारी, तीन युवक हिरासत में, बाइक सीज

Azamgarh Azamgarhcity Uttar Pradesh

आजमगढ़: सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट और दबंगई के वीडियो का संज्ञान लेते हुए कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत बाइक पर तीन सवारी कर दबंगई का प्रदर्शन करने वाले तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है, जबकि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार 20 जून 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें तीन युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते और दबंगई दिखाते नजर आ रहे थे। वीडियो के वायरल होने से आमजन में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच में वीडियो में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर बाइक संख्या UP50BK8664 की पहचान कर उसे सीज कर दिया गया। साथ ही वीडियो में दिखाई दे रहे तीनों युवकों की पहचान कर उन्हें पुलिस हिरासत में लिया गया।गिरफ्तार किए गए युवकों में आदर्श चौहान, कुंजेश जायसवाल और सत्यम गुप्ता शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि 21 जून को ऑपरेशन वज्रपात के तहत तीनों के खिलाफ आवश्यक निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की गई। जांच के दौरान आदर्श चौहान और कुंजेश जायसवाल के खिलाफ पूर्व में दर्ज मुकदमों की भी जानकारी सामने आई है।आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई, स्टंटबाजी, मारपीट या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रख रही है और समाज में भय एवं दहशत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *