अवैध अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई, दो ओटी सील, एक को नोटिस

Azamgarh Azamgarhcity Uttar Pradesh

आजमगढ़: जनपद में अवैध एवं मानकविहीन निजी चिकित्सा संस्थानों के विरुद्ध जिलाधिकारी के निर्देश तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के आदेशानुसार गुरुवार को विकास खंड मार्टीनगंज क्षेत्र में सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी (निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान) डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई इस औचक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही।
निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं, वैध पंजीकरण का अभाव तथा बिना योग्य चिकित्सकों की उपस्थिति में चिकित्सा सेवाओं का संचालन पाए जाने पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
बसन्त हेल्थ केयर सेंटर, मार्टीनगंज के निरीक्षण में अस्पताल मानकों के अनुरूप संचालित नहीं पाया गया। मौके पर कोई अधिकृत चिकित्सक उपस्थित नहीं था तथा केवल स्टाफ के भरोसे संस्थान संचालित किया जा रहा था। बिना वैध अनुमति एवं चिकित्सकीय व्यवस्था के संचालित ऑपरेशन थियेटर को जनहित में तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
इसी प्रकार बाबू जी उदयराज हेल्थ केयर सेंटर, मार्टीनगंज में भी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। अस्पताल में कोई पंजीकृत चिकित्सक उपलब्ध नहीं था तथा नियमों की अनदेखी करते हुए ऑपरेशन थियेटर संचालित किया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त ऑपरेशन थियेटर को भी सील कर दिया।
वहीं लक्ष्मी हेल्थ केयर एवं हॉस्पिटल, मुक्तिपुर बाजार के निरीक्षण के दौरान आवश्यक पंजीकरण अभिलेख एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस संबंध में संस्थान संचालक को तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने हेतु कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित अवधि में संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने की स्थिति में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि जनपद में बिना पंजीकरण, बिना मान्यता तथा बिना योग्य चिकित्सकों के संचालित किसी भी अस्पताल, नर्सिंग होम अथवा क्लीनिक को किसी भी स्थिति में संचालित नहीं होने दिया जाएगा। जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
उक्त संपूर्ण कार्रवाई डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी (निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान) डॉ. आलेन्द कुमार तथा वरिष्ठ सहायक धीरेन्द्र कुमार शुक्ल द्वारा संपादित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *